मरीज से घूस लेते डॉक्टर का वीडियो वायरल
गोंडा। परसपुर के सीएचसी पर मरीज से खुलेआम घूस लेते डॉक्टर का वीडियो वायरल होने से विभाग में हड़कंप मचा है।
बताया जाता है शुक्रवार को परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर कोई व्यक्ति मरीज लेकर इलाज कराने को गया था। उसने केन्द्र के डॉ. मुख्तार आजाद के सामने पैसा निकालकर गिना और फिर उसमें से कुछ पैसे निकाल कर डाक्टर को दिये। डॉक्टर ने पैसे लेकर अपने शर्ट की जेब में रख लिया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो की जानकारी प्रभारी अधीक्षक डॉ संत प्रताप वर्मा को जानकारी होने पर उन्होंने आरोपी डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जबाब मांगा है।
वहीं इस मामले में डॉ. मुख्तार आजाद का कहना है कि घूस लेने की बात गलत है एक मरीज का मेरे इलाज से ठीक हो जाने पर परिजनों की ओर से जबरन शुक्रराना दिया गया था । जबकि इस मामले में सीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले को संज्ञान में लिया गया है मामले की जांच कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।