परसपुर क्षेत्र के पसका बाजार में सोमवार को रंजिश को लेकर हुई फायरिंग व पथराव मामले में मंगलवार को 33 लोगों को नामजद करते हुए 80 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थानाध्यक्ष परसपुर देवेंद्र सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि पसका बाजार के रहने वाले भल्लर व मुमताज के बीच जमीन का विवाद चल रहा था।
इसी विवाद को लेकर सोमवार की सुबह दोनों पक्षों में बवाल बवाल हो गया, जिसमें भल्लर पक्ष के आजाद सिंह, गजेंद्र सिंह व मुमताज पक्ष के पिंटू सिंह, दद्दू सिंह और बच्चन सिंह आमने-सामने आ गए, मगर पसका चौकी के सिपाही बैजनाथ यादव ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया।
इसी को लेकर दोपहर में दोनों पक्षों के लोग दोबारा पसका बाजार में एकत्र हो गए और उनमें मारपीट व पथराव हुआ और लाइसेंसी बंदूक व तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई।
इसमें एक पक्ष के जनमेजय सिंह, परशुराम शुक्ल व दूसरे पक्ष के नीरज सिंह व राजेंद्र सिंह समेत 11 लोग घायल हो गए।
थानाध्यक्ष परसपुर देवेंद्र सिंह ने नीरज सिंह समेत 33 लोगों को नामजद करते हुए 80 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला, पथराव, बलवा, मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।