बारातियों से भरी बस पलटी, बैंक कैशियर की मौत, 22 घायल
गोंडा/बहराइच। परसपुर से बारातियों को लेकर वापस बहराइच लौट रही बस सोमवार की भोर में करनैलगंज के समीप गोंडा-लखनऊ मार्ग पर हुजूरपुर मोड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
इस हादसे में बारातियों में शामिल इलाहाबाद बैंक के कैशियर की बस के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 22 बाराती घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में इलाज कराया गया। गंभीर रुप से घायल पांच लोगों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।
बहराइच जनपद थाना बौंडी क्षेत्र के जैतापुर बाजार के रहने वाले दिलीप कुमार यज्ञसैनी के बेटे अरविंद कुमार यज्ञसैनी उर्फ विनीत की 10 दिसंबर को शादी थी। विनीत की बारात परसपुर बाजार में देवीप्रसाद यज्ञसैनी के यहंा आई थी। देर रात द्वारपूजा के बाद अधिकांश बाराती बस से जैतापुर वापस जाने के लिए निकले थे।
बस पर तकरीबन 55 बाराती सवार थे। बस करनैलगंज के रास्ते जा रही थी। तभी गोंडा-लखनऊ मार्ग पर हुजूरपुर मोड़ के पास बस चालक नियंत्रण खो बैठा। चालक बस को हुजूरपुर मार्ग पर मोड़ने के बजाय बस को करीब 25 मीटर आगे से मोड़ने लगा। बस की स्पीड अधिक होने के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
बस के सभी पहिए निकल कर अलग हो गए। हादसे की सूचना गश्त पर निकले पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए और बस के अंदर फंसे घायल 22 लोगों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां सभी का इलाज हुआ।
गंभीर रुप से घायल पांच लोगों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। पलटी बस को उठाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। जेसीबी से जब बस को सीधा किया गया तो उसके नीचे एक शव मिला। बारातियों ने शिनाख्त में बताया कि शव देशराज सिंह निवासी जैतापुर बाजार बहराइच का है।
वह इलाहाबाद बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। वह भी बारात में शामिल होने परसपुर आए थे। बारातियों के मुताबिक देशराज बस की अगली सीट पर बैठे थे। बस उसी साइड में पलट गई, जिससे बस के नीचे दबकर उनकी मौत हो गई।
हादसे में घायल हुए लोग
बस हादसे में कुल 22 लोग घायल हुए हैं। इनमें राम प्रकाश गुप्ता, छोटकऊ, हिमांशु गुप्ता, अंकुर मिश्रा, सन्नी गुप्ता गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों को करनैलगंज सीएचसी लाया गया। जहां से तीन घायलों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। इसके अलावा संतोष कुमार, रमेश कुमार, शेषमणि मिश्रा, कमलेश, हिमांशु, पवन कुमार, सुभाष चन्द्र, कौशल कुमार, केश कुमार समेत 22 लोग घायल हुए हैं। जिनका सीएचसी पर इलाज कराया गया है।
समय पर न पहुंचती पुलिस तो जाती और जानें
करनैलगंज (गोंडा)। बस हादसे के दौरान करनैलगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस पलटने के मात्र दो मिनट में ही मौके पर पहुंच गई। एसआई भानू प्रताप सिंह, आलम खान, कस्बा चौकी प्रभारी बृजानन्द सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं डायल 100 की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
बस में मचे कोहराम के बीच बस का शीशा तोड़कर एक-एक बाराती को बाहर निकाला। डायल 100 के पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सका। बारातियों ने बताया कि यदि पुलिस मौके पर न होती तो मरने वालों की संख्या आधा दर्जन से अधिक होती। बस के नीचे बाराती के दबे होने की संभावना पर तत्काल जेसीबी मंगाकर बस को सीधा कराया गया तो उसके नीचे एक बाराती दबा मिला।
हालांकि दबे हुए बाराती की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ कृष्णचन्द्र सिंह, कोतवाल अंगद राय ने पुलिसकर्मियों की तत्परता की सराहना की है।