बेलसर (गोंडा)। प्रधान पति ने जेई एमआई को धमकी दी। तरबगंज थाने में जेई ने प्रधान पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। मामला विकास खंड बेलसर का है।
अवर अभियंता सिंचाई मनोज कुमार ने थाना तरबगंज में प्रधान पति थड़क्की पट्टी परीक्षित तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया है। कहा गया है कि मंगलवार को विकास खंड परिसर में जब वे शासकीय कार्य कर रहे थे, तभी आरोपी ने पंचायत के कार्यों को लेकर गाली गलौज करते हुए हाथापाई की। सरकारी अभिलेखों को क्षतिग्रस्त कर दिया। गोड़वाघाट पर देख लेने की धमकी देते हुए भाग निकला। जेई मनोज कुमार ने थाना तरबगंज में प्रधान प्रतिनिधि थड़क्की पट्टी परीक्षित तिवारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सरोज ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
मार्च माह के विवाद में छिपे हैं कई रहस्य
मार्च माह में वर्ष के जारी बजट व परियोजनाओं को पूरा करने की चुनौती होती है। अधिकारियों को पंचायतों से काफी कुछ उम्मीद होती है। प्रधान प्रतिनिधि व अधिकारियों में तनातनी हो जाती है। बेलसर ब्लॉक में अधिकारियों की अपेक्षा कर्मचारियों व प्रधान प्रतिनिधि से अधिक होने सेे मामला अंदर ही अंदर सुलग रहा है। कुछ कर्मचारियों ने अधिकारियों द्वारा की जा रही अधिक अपेक्षा की बात बताई है, लेकिन मातहत होने के नाते सामने बोलने से कतरा रहे हैं। वहीं अपेक्षा प्रधानों से होने से टकराव की बात सामने आने लगी है।