गोंडा। राशन की कालाबाजारी में संलिप्त लोग अब डीएम मार्कंडेय शाही के निशाने पर हैं। डीएम ने ऐसे लोगों पर गैंगेस्टर, गुंडा एक्ट व रासुका लगाने की तैयारी की है। डीएम ने राशन की कालाबाजारी में परोक्ष या प्रत्यक्ष रूप से संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करते हुए रिपोर्ट मांगी है।
बुधवार के अंक में अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की थी कि ट्रांसपोर्टर्स की मिलीभगत से जिले में सरकारी खाद्यान्न की चोरी व कालाबाजारी की जा रही है। मामले का खुलासा हुआ कि ट्रांसपोर्टर व माफिया मिल कर हर माह करीब 800 बोरा अनाज की कालाबाजारी कर रहे हैं। यह भी संज्ञान में आया कि झंझरी ब्लाक के दर्जी कुआं के पास संगम ट्रांसपोर्ट की दो ट्रकों से आठ बोरा अनाज की चोरी कर बीच में ही बेच दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रश्नगत प्रकरण प्रथम दृष्टया अत्यंत गंभीर प्रकृति का है और खाद्यान्न की कालाबाजारी किए जाने के मामले की गहनता के साथ छानबीन कराते हुए खाद्यान्न की चोरी में संलिप्त ट्रांसपोर्टर्स व अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्यवाही किया जाना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए नगर मजिस्ट्रेट/प्रभारी अधिकारी (नागरिक आपूर्ति), जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर आदेश दिए हैं कि प्रकरण की गहनता के साथ जांच कर लें तथा तथ्यों की पुष्टि होने पर खाद्यान्न की चोरी/कालाबाजारी में संलिप्त ट्रांसपोर्टर्स व प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष रूप से इस कृत्य से जुड़े अन्य व्यक्तियों को चिह्नित करते हुए उनके विरूद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा-3/7 व भारतीय दंड संहिता के सुसंगत प्राविधानों के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई करें।
कालाबाजारी के कृत्य में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध गैंगेस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट व रासुका के तहत कार्रवाई के संबंध में आख्या प्रस्तुत करें, जिससे ऐसे लोगों को शीघ्र जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि जनता के राशन पर डाका डालने की कुचेष्टा करने वाले किसी भी दशा में बख्शे नहीं जाएंगे और उनकी जगह सिर्फ जेल होगी। कहा कि खाद्यान्न वितरण व विपणन दोनों में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी करने वाले लोग कतई बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने जांच अधिकारियों को मामले की संवेदनशीलता के दृष्टिगत निर्देशत किया है कि वे सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट दें। जिलाधिकारी ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कालाबाजारी में संलिप्त ट्रांसपोर्टर का ट्रक जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।