बेलसर। ब्लॉक परिसर में शुक्रवार को उस समय कौतूहल और खुशी का केंद्र बन गया, जब एक गर्भवती महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे को जन्म दे दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
ग्राम निरंजन तिवारी पुरवा निवासी बिट्टू देवी प्रसव संबंधी परामर्श के लिए शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्टाफ नर्स पुष्पा मिश्रा के आवास पर जा रही थीं। महिला ब्लॉक परिसर स्थित शौचालय के पास ही पहुंची थी कि उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। आवास के भीतर पहुंचने से पहले ही महिला ने नवजात को जन्म दिया। परिसर में प्रसव की सूचना मिलते ही विभागीय लोग सक्रिय हो गए। अधीक्षक डॉ. सतपाल सोनकर ने बिना देरी किए वार्ड आया मीरा, स्टाफ नर्स संगीता और पुष्पा मिश्रा को मौके पर भेजा। मेडिकल टीम ने मौके पर ही प्रसूता को प्राथमिक चिकित्सा मुहैया कराई और सावधानीपूर्वक नवजात व मां को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल शिफ्ट किया। अधीक्षक का कहना है कि दोनों की स्थिति सामान्य और सुरक्षित है।