बालपुर (गोंडा)। बालपुर स्थित टेढ़ी नदी में अब गंदा पानी नहीं गिरेगा। इसके लिए नदी के पास छह फिल्टर चैंबर बनाए जाएंगे। इनमें पानी फिल्टर होकर नदी में बहेगा, जिससे नदी निर्मल और स्वच्छ रहेगी। मवेशियों के भी पानी उपयुक्त होगा।
हलधरमऊ की 6 ग्राम पंचायत बालपुर हजारी, भुलभुलिया, कैथोला, झौहना, खानपुर व धोबहाराय टेढ़ी नदी के किनारे बसा है। गांव के कूड़े-कचरे के साथ नालियों का गंदा पानी नदी में गिराया जाता है, जिससे नदी का पानी दूषित हो रहा है। नदी को निर्मल बनाने के लिए जिलाधिकारी नेहा शर्मा की अध्यक्षता में 24 अप्रैल को जिला गंगा समिति की बैठक हुई थी। इसमें नदी को निर्मल बनाने की कार्ययोजना बनाई गई।
छह फिल्टर चैंबर नदी के किनारे बनाए जा रहे हैं। वहीं पांच ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिव को ग्राम पंचायत के कचरे को कूड़ा प्रबंधन केंद्र पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एक वाटर फिल्टर की लागत करीब 24 हजार है। कस्बे की सभी नलियों को वाटर फिल्टर चैंबर से जोड़कर फिल्टर पानी नदी में गिराया जाएगा। कंसल्टिंग इंजीनियर प्रतिभा सिंह ने बताया कि बालपुर कस्बे में टेढ़ी नदी के किनारे वाटर फिल्टर चैंबर बनाने का काम शुरू हो गया है। अब नदी में दूषित पानी नहीं जाएगा। ग्राम प्रधान आशा धर्मपाल सिंह ने कहा कि नदी को निर्मल बनाने में सभी के सहयोग की जरूरत है।