गोंडा। महाराजा देवीबख्श सिंह मेडिकल कॉलेज में बुखार व दर्द की दवा पैरासिटामॉल का स्टॉक शून्य होने की खबर प्रकाशित होने के बाद दवाओं की उपलब्धता कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वितरण काउंटर पर भेजी गई दवाएं एक दिन लिए भी नाकाफी थी।
अमर उजाला के माई सिटी में ''''मेडिकल कॉलेज में नहीं मिल रही पैरासिटामॉल'''' शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद सुबह ही दवा वितरण काउंटर पर पैरासिटामॉल की 5000 टैबलेट उपलब्ध कराई गई। लेकिन भीषण गर्मी से बढ़े मरीजों के कारण हर रोज औसतन सात से आठ हजार टैबलेट पैरासिटामॉल की जरूरत रहती है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्साधीक्षक डॉ. एम डब्ल्यू खान ने बताया कि ड्रग्स स्टोर प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि सभी दवाओं का जरूरी स्टॉक सुनिश्चित करने के लिए दवा रहते ही इंडेंट कर दें। जल्द ही जरूरी मात्रा में दवाएं उपलब्ध हो जाएंगी।