गोंडा। जिले के 13 केंद्रों पर शुक्रवार को सिपाही भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। डीएम नेहा शर्मा व एसपी विनीत जायसवाल ने लगातार भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। चौथे दिन 2,496 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
पहली पाली की परीक्षा के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे ही अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंच गए। सुबह 10 बजे से होने वाले वाली परीक्षा के लिए दो घंटे पहले से ही केंद्रों में प्रवेश शुरू हो गया। गेट पर महिला व पुरुष अभ्यर्थियों की अलग-अलग कतार लगवाई गई। अभ्यर्थियों के बैग, मोबाइल फोन व अन्य सामान गेट पर ही जमा कर लिए गए। पुलिसकर्मियों ने भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के जूते उतरवाकर भी तलाशी ली। इसके अलावा माला, बेल्ट व अंगूठी बाहर रखवा दी गई। सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से परीक्षा की सतत निगरानी की गई।
शुक्रवार को दोनों पालियों में कुल 10,464 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन 7,968 लोगों ने ही परीक्षा दी। 2,496 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
सिपाही भर्ती परीक्षा के चलते शुक्रवार को पूरे दिन शहर में जाम लगा रहा। जब पहली पाली की परीक्षा खत्म हुई तो अभ्यर्थियों की भीड़ से शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर जाम लग गया। पुलिस का ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी फेल नजर आया। गुरुनानक चौराहे से महिला अस्पताल, गुड्डू मल चौराहा तथा महाराजगंज पुलिस चौकी से मनकापुर बाईपास तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। यही हाल बड़गांव पुलिस चौकी से मिश्रौलिया, बड़गांव से मनकापुर बाईपास व बड़गांव से जय नारायण चौराहे का भी रहा।