अपेक्षा सिंह बनीं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। हाईकोर्ट के आदेशानुसार अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-द्वितीय अपेक्षा सिंह के अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम के पद पर स्थानांतरण के बाद न्यायालयों में सुचारु रूप से कार्य संचालन के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जिले के चार थानों के क्षेत्राधिकार में फेरबदल कर वहां के मामलों को अन्य न्यायालयों में अंतरित किया है।
जिला जज प्रमोद कुमार श्रीवास्तव से विचार विमर्श के उपरांत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा रूंगटा की ओर से जारी प्रशासनिक आदेश के अनुसार थाना खरगूपुर व खोड़ारे का पुलिस चालानी (सरकारी एवं गंभीर अपराधों को छोड़कर) क्षेत्राधिकार अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय से वापस लेकर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में अंतरित किया गया है। कोतवाली देहात का समस्त क्षेत्राधिकार पुलिस चालानी एवं परिवाद (सरकारी एवं गंभीर अपराधों को छोड़कर) अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम के न्यायालय से वापस लेकर विधि अनुसार सुनवाई व निस्तारण के लिए अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन/एसीजेएम के अदालत में अंतरित किया गया है।
थाना परसपुर का समस्त क्षेत्राधिकार पुलिस चालानी एवं परिवाद (सरकारी एवं गंभीर अपराधों को छोड़कर) अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम से वापस लेकर विधि अनुसार सुनवाई व निस्तारण के लिए अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन-सप्तम के अदालत में अंतरित किया गया है। इसी प्रकार थाना खोड़ारे से संबंधित परिवाद व परिवाद का दायरा का क्षेत्राधिकार वापस लेकर सिविल जज सीनियर डिवीजन व थाना खरगूपुर से संबंधित परिवाद व परिवाद का दायरा का क्षेत्राधिकार वापस लेकर विधि अनुसार सुनवाई व निस्तारण के लिए सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रथम के न्यायालय में अंतरित किया गया है।