धानेपुर (गोंडा)। मुजेहना शिक्षा क्षेत्र के कई परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से होकर गुजरी हाई टेंशन तार के नीचे बैठकर बच्चों को पढ़ाई करने के लिए विवश होना पड़ रहा है। बच्चों की सुरक्षा शिक्षकों के साथ ही अभिभावकों के लिए भी परेशानी का कारण बनी है। प्राथमिक विद्यालय इटवाकवि के प्रधानाध्यापक काशीराम मौर्या ने बताया कि ठंड के दौरान दिन में बच्चे धूप के लिए कमरे से बाहर बैठ कर पढ़ाई करते हैं। ऐसे में विद्यालय भवन के ऊपर से गुजरती झूलती हाई टेंशन लाइन हमेशा खतरा बन कर मंडराती रहती है। खंड शिक्षा अधिकारी को भी इस संबंध में लिखित रूप से बताया जा चुका है।
वहीं प्राथमिक विद्यालय जमुनही के प्रभारी प्रधानाध्यापक नारायणदास ने बताया कि विद्यालय भवन से हाई टेंशन तार को हटाने के लिए विद्युत उपकेंद्र धानेपुर के अवर अभियंता व खंड शिक्षा अधिकारी को कई बार पत्र भेजा जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। बीईओ उपेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय इंद्रापारा, सुकरौलिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय विशम्भरपुर समेत पांच विद्यालय भवन के ऊपर व करीब छह विद्यालय के काफी निकट से गुजर रही हाई टेंशन सप्लाई लाइन कभी भी खतरा बन सकती है।