मनकापुर गांव के पास पलटी बस। - संवाद
मनकापुर (गोंडा)। सवारियां लेकर गौराचौकी जा रही निजी बस शुक्रवार दोपहर मनकापुर में पीलखाना बाईपास के पास बेकाबू होकर पलट गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। ग्रामीणों ने बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को निकाला। बस में 22 यात्री सवार थे। हादसे में दो को मामूली चोटें आईं, जिन्हें सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
गोंडा से गौरा चौकी जा रही निजी बस के यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे पीलखाना बाईपास मार्ग पर निजी कॉलेज के पास दुर्घटना हुई। बस पलटने से यात्री घबराकर चीखने लगे। राहगीरों व ग्रामीणों ने आनन-फानन बस का शीशा तोड़कर यात्रियों को निकाला। जमीरुल (60) निवासी मनकापुर व मूलचंद (70) निवासी वजीरगंज को मामूली चोटें आईं। एबुलेंस से दोनों को सीएचसी भेजा गया। सीएचसी के डॉ. आलोक चौधरी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है। कोतवाल मनोज पाठक ने बताया कि क्षतिग्रस्त निजी बस को कब्जे में लिया गया है। बस के पुलिया से टकराने से हादसा हुआ है। छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)