अंतिम दिन ग्राम पंचायतों की खुली बैठक में रविवार को प्रधानों व पंचायत सचिवों ने विकास का एजेंडा तैयार किया। खुली बैठकों के साथ जिले की 1054 ग्राम पंचायतों के विकास का प्रस्ताव तैयार कर ब्लॉक मुख्यालयों पर जमाकर योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया जाएगा।
पंडरीकृपाल ब्लॉक की बेलावां ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में हुई खुली बैठक में प्रधान रमेश मिश्र व पंचायत सचिव उमेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत के विकास कार्याें का एजेंडा तैयार किया गया।
इस दौरान पर्यवेक्षणीय अधिकारी निरंकार मिश्र ने प्रधानमंत्री आवास योजना, लोहिया, राज्य वित्त, चौदहवां वित्त आयोग, पेंशन, किसान संबंधी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी।
प्रधान ने विकास कार्यों के प्रस्ताव को ग्राम पंचायत सदस्यों व ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर होने वाले कार्यों की जानकारियां दीं। बैठक में कई वर्षों से लगे नलकूप के संचालित न होने व शोपीस बनी टंकी को चलवाने का मुद्दा उठाया।
वहीं, झंझरी ब्लॉक के मल्थुआ शहजोत में ग्राम प्रधान गौरव सिंह, पंचायत सचिव शबाना परवीन ने सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत के विकास कार्याें की कार्ययोजना बनाई।
इस मौके पर जीतबहादुर सिंह, धनीराम यादव, घनश्याम सिंह, तेज बहादुर सिंह, सूर्यबक्श सिंह, रामभवन सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक के दौरान नलों की मरम्मत कराने व पशु पक्षियों के लिए सूखे तालाबों को भरवाने का आश्वासन प्रधान ने दिया।
उधर, बेलसर के ठड़क्की पट्टी ग्राम पंचायत की खुली बैठक में नोडल अधिकारी यूपी सिंह, ग्राम प्रधान दिनेशचंद्र त्रिपाठी व पंचायत सचिव अमित पटेल की उपस्थिति में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में लेखपाल सुखराम वर्मा, अमरेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।