झंझरी (गोंडा)। दुकान पर कब्जे के विवाद में जानलेवा हमले में नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव उर्फ निर्मल समेत छह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया है। वहीं, पूर्व पालिकाध्यक्ष ने वीडियो जारी कर आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
मालवीय नगर निवासी मीरा श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे उनके पति अंबरीश कुमार खरे को पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव उर्फ निर्मल, राजेश श्रीवास्तव, आयुष, दिपांशु, हिमांशु व रामकृपाल तिवारी ने फोन करके राजा मोहल्ला बुलाया। वहांं पहुंचते ही अंबरीश को रंजिश में पीटने लगे। बाद में पूर्व चेयरमैन ने रिपीटर गन से अंबरीश पर हमला कर दिया, लेकिन फायर नहीं हुआ। इसके बाद रिपीटर गन के बट से उनके सिर पर मारा। सरिया व रॉड से भी हमला किया गया। इससे अंबरीश बेहोश हो गए। मौके पर भीड़ जुटी तो हमलावर चले गए। घायल अंबरीश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मीरा श्रीवास्तव की तहरीर पर पूर्व चेयरमैन समेत छह के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।
वहीं, नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन रूपेश कुमार श्रीवास्तव उर्फ निर्मल का कहना है कि जिस समय की घटना बताई जा रही है, उस समय वह गोंडा में नहीं थे। आरोप बेबुनियाद हैं। मामले की जांच कराई जाए।