यूपी के गोंडा में नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़गांव मोहल्ले के रहने वाले कैंसर पीड़ित युवक ने सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खा लिया। पीड़ित युवक जहर खाने से पहले पुलिस अधीक्षक से मिलने उनके कार्यालय गया था। मगर एसपी से उसकी मुलाकात नहीं हो सकी। उसे गंभीर हालत में गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
आरोप है कि 10 नवंबर 2024 की शाम सूदखोर अपने दो साथियों संग उनकी पान की गुमटी पर पहुंचा और ढाई लाख रुपये की मांग करने लगा, जब उन्होंने कहा कि 25000 रुपये की एवज में अब तक डेढ़ लाख रुपये दे चुके हैं, अब ढाई लाख रुपये कहां से हो गए। इससे सूदखोर और उसके साथी नाराज हो गए। उसे गुमटी से खींच लिया। मारा पीटा और 800 रुपये निकाल लिए।
जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि तीनों उसकी दुकान पर पान खाते थे। प्रति माह के 2400 रुपये के हिसाब से पांच साल का एक लाख 40 हजार रुपये तीनों का पान का बकाया थे। वह भी नहीं दिए। विजय की पत्नी सरिता देवी ने बताया कि सूदखोर की शिकायत करने उनके पति बुधवार को एसपी से शिकायत करने उनके कार्यालय गए थे, मगर उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।
सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर उनके पति ने कीटनाशक पी लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सरिता के मुताबिक उनके पति पिछले एक साल से कैंसर से पीड़ित थे। उनका लखनऊ में इलाज चल रहा था। माह फरवरी 2024 में आपरेशन के बाद उन्हें घर लाया गया था। इसी दौरान सूदखोरों ने परेशान करना शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज पाठक ने बताया कि उन्हें तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।