गोंडा। काॅन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट लेकर संचालक जरूरत के हिसाब से मनचाहे रूट पर बसें दौड़ा रहे हैं। चेकिंग टीम की लापरवाही से यह खेल चल रहा है। इन बसों ने चौक चौराहों को अवैध अड्डा बना लिया है। गाेंडा डिपो से गुरुनानक चौक व पेट्रोल पंप से सवारी लेकर चलते हैं। रूट परमिट का उल्लंघन कर गैर रूट पर भी बसों का संचालन कर रहे हैं, लेकिन इसकी जांच नहीं होती।
शहर में गुरुनानक चौक, बस स्टेशन तिराहा व एलबीएस चाैराहे से प्रतिदिन सुबह बसों के अवैध संचालन का खेल शुरू होता है। चेकिंग में पकड़े जाने से बचने के लिए संचालक काॅन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट पर मनचाहे रूट पर बसों के संचालन का खेल अल सुबह व रात में करते हैं। ऐसे समय में परिवहन विभाग के अधिकारियों की टीम के सोने का समय होता है। यह नजारा प्रतिदिन बस स्टेशन के समीप दो पुलिस चौकी के बीच देखा जा सकता है। सुबह व देर रात के तीन घंटे में वह कमाई कर बसें खड़ी कर देते हैं। इससे जांच टीम की नजर से बचे रहते हैं।
यात्रियों की जान जोखिम में डाल करा रहे सफर
बस संचालक सुरक्षा उपकरण के बिना स्टेज कैरिज की बसों का संचालन कर रहे हैं। बसों में न अग्निशमन यंत्र हैं और न ही फर्स्ट ऐड बॉक्स की सुविधा है। यही नहीं अधिक कमाई की चाहत में इमरजेंसी गेट को भी वेल्ड करा दिए हैं। ऐसे में यात्रियों की जान जोखिम में डालकर सफर कराया जा रहा है। परिवहन विभाग के अफसरों को कार्रवाई की याद तक आती है, जब कोई बड़ा हादसा होता है, तब कार्रवाई से बचने के लिए बसों को सीज व चालान कर खानापूर्ति करते हैं।
जांच में लगाई एआरटीओ व पीटीओ की टीम
देवीपाटन के आरटीओ प्रवर्तन राजेंद्र कुमार सरोज का कहना है कि बसों के संचालन में कहीं रूट में बदलाव किया जा रहा है तो कहीं परमिट की शर्तों के उल्लंघन की शिकायत मिली है। जांच के लिए एआरटीओ व पीटीओ की टीम लगाई गई है। उन्हें कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने तय किए थे बसों के ठहराव के स्थान
बहराइच रोड पर कुष्ठ सेवा केंद्र के पास
लखनऊ रोड पर पुराने चुनाव कार्यालय के पास
उतरौला रोड पर परसादी तालाब के पास
तरबगंज रोड पर झंझरी ब्लॉक के पास
बलरामपुर रोड पर ओवरब्रिज के पास
अयोध्या रोड पर सद्भावना पुलिस चौकी के पास