परसपुर/शाहपुर (गोंडा)। धनावा अहिरन पुरवा में मंगलवार को विद्युत पोल के स्टे वायर से भैंस को करंट लग गया। बचाने दौड़े पशुपालक रामदुलारे यादव (39) की भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
रामदुलारे यादव मंगलवार दोपहर तीन बजे भैंस चराने जा रहे थे। गांव के पास ही बिजली के खंभे के स्टे वायर से भैंस को करंट लग गया। भैंस को तड़पती देख रामदुलारे बचाने दौड़े तो वह भी करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने डंडे से किसी तरह स्टे वायर तोड़ने के बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। रामदुलारे यादव के परिवार में पत्नी गुड़िया, बेटे नीरज (16), देवांश (4) व बेटी ममता (8) हैं। इंस्पेक्टर एसके पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन की जा रही है। (संवाद)