बालपुर (गोंडा)। हलधरमऊ ब्लॉक के भुलभुललिया गांव के पास टेढ़ी नदी पर पुल बनाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। अप्रोच का काम पूरा होते ही करीब एक लाख की आबादी को जिला मुख्यालय आने-जाने में सहूलियत मिल जायेगी।
बताते चलें कि ग्रामीणों की काफी जद्दोजहद के बाद क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह के प्रस्ताव पर राज्य सेतु निगम ने 10 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे पुल के बगल में भुलभुललिया गांव के पास टेढ़ी नदी पर पुल बनाने का काम शुरू कराया था। पुल निर्माण लगभग पूरा हो चुका है केवल अप्रोच बनाने का कुछ काम बाकी है। जिस पर मिट्टी पाटने का काम चल रहा है। अब ग्रामीणों को नदी पार करने से निजात मिल जायेगी।
बरसात के दिनों में नदी में अधिक पानी हो जाने से लोग रेलवे पुल के ऊपर से जान जोखिम में डालकर नदी पार करते थे। इस पुल का निर्माण पूरा हो जाने से करीब दो दर्जन गांवों के लोगों को गोंडा आने-जाने के लिए बालपुर का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
जिला मुख्यालय की दूरी मात्र पांच किलोमीटर हो जायेगी। भुलभुललिया गांव के प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने बताया कि राज्य सेतु निगम एक माह में इस पुल को आवागमन के लिए तैयार कर देगा। इसका सबसे अधिक लाभ गन्ना किसानों को मिलेगा। अब गन्ने को मिल ले जाने की दूरी कम हो जाएगी, जिससे भाड़ा कम होने से किसानों को लाभ होगा।
इन गांव के लोगों को मिलेगा लाभ
भुलभुललिया गांव में पुल बन जाने से कैथोला, अयोध्या पुरवा, बजरिया, अशोक पुर, तिलका, नकही, डाल पुरवा, सूबेदार पूर्व, नदा पुरवा, भैरमपुर, लोहसा, अहिरन पुरवा, गंडाही सहित अन्य गांव के लोगों को अब 15 किलोमीटर घूमकर जिला मुख्यालय जाने से निजात मिल जायेगी।