गोंडा। मेडिकल कॉलेज की ब्लड कलेक्शन वैन को डीजल नहीं मिलने के कारण बलरामपुर में 16 मई को आयोजित रक्तदान शिविर में नहीं पहुंचाया जा सका। पेट्रोल पंप संचालक ने बकाया भुगतान का हवाला देते हुए डीजल देने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद वैन को वापस मेडिकल कॉलेज लौटना पड़ा।
बलरामपुर जिले में रक्तदान शिविर होना था, जहां मेडिकल कॉलेज की ब्लड कलेक्शन वैन को जाना था। वैन गुरुनानक चौराहा स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने पहुंची, लेकिन पंप संचालक ने बकाया राशि अधिक होने की बात कहकर डीजल देने से मना कर दिया। इसके बाद वैन में मौजूद कर्मी बिना डीजल लिए मेडिकल कॉलेज लौट आए और पूरे मामले की जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि संबंधित पेट्रोल पंप से नियमित रूप से डीजल लिया जाता है। भुगतान में देरी के कारण बकाया बढ़ गया है। भुगतान को लेकर बातचीत चल रही है और जल्द ही बकाया राशि का भुगतान करा दिया जाएगा।
कमिश्नर से मिलकर बताई मेडिकल कॉलेज की प्रगति
मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. बीना सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीएन सिंह, माइक्रोबायोलाजिस्ट डॉ. अनिल वर्मा ने कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानाचार्य ने मेडिकल कॉलेज में बढ़ी स्वास्थ्य सुविधाओं और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।