फोटो-10-नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुख कुसमा देवी। -संवाद
- फोटो : GONDA
धानेपुर/मुजेहना। मुजेहना ब्लॉक के प्रमुख चुनाव में भाजपा के आपसी सियासी घमासान के बीच भाजपा प्रत्याशी कुसमा देवी ने तीन मतों से जीत हासिल किया। चुनाव में 102 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मतदान किया, एक मत अवैध घोषित हुआ। कुसमा देवी को 52 मत मिला, जबकि श्याम बाबू को 49 मत मिला। जबकि तीसरे उम्मीदवार नानबाबू स्वयं का भी वोट हासिल नहीं कर सके। मुजेहना प्रमुख चुनाव में भाजपा के गोंडा सांसद व कैसरगंज सांसद आमने-सामने आ गए थे। कैसरगंज सांसद भाजपा प्रत्याशी के विरोध बगावत कर अपने समर्थक को चुनाव लड़ा रहे थे, लेकिन सफल नहीं हो सके। पूरे दिन दोनों सांसदों के पंडाल लगे रहे। इस दौरान सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैय्या खुद विधायक विनय द्विवेदी के साथ डटे रहे। वहीं कैसरगंज सांसद के पंडाल में सांसद के बेटे करनभूषण सिंह अपनी टीम के साथ रहे।
मुजेहना ब्लॉक प्रमुख चुनाव में रोचक मुकाबला रहा। 52 मत पाकर भाजपा प्रत्याशी कुसमा विजयी रहीं। दूसरे नंबर पर श्यामबाबू को 49 मत मिला। मतदान के दौरान दो सियासी घरानों के आमने- सामने होने से जिला प्रशासन भी मुस्तैद रहा। ब्लॉक के बाहर पुलिस व पीएसी से छावनी जैसा माहौल रहा। जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार व पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ब्लॉक के गेट पर फोर्स के साथ डटे रहे। इसके अलावा लगातार निगरानी करते रहे, कई थानों की फोर्स मुस्तैद रही।
एक ओर पंडाल में करण भूषण सिंह व राम उदार वर्मा प्रत्याशी श्यामबाबू के समर्थन में बैठे रहे। दूसरी ओर पंडाल में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक विनय कुमार द्विवेदी व जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप अपने समर्थकों के साथ विजयी होने तक पंडाल में बैठे रहे। सुबह 11 बजे से 3 बजे तक मतदान हुआ, इसके बाद मतगणना शुरू हुई। मतगणना समाप्त होने के बाद सहायक निर्वाचन अधिकारी जेपी यादव ने बताया कि कुसमा 52 मत पाकर जीत हासिल की है। श्याम बाबू को 49 मत प्राप्त हुए है, जबकि एक मत अवैध रहा। जिलाधिकारी ने कहा की जीत का प्रमाण पत्र जिला मुख्यालय पर दिया जाएगा। भाजपा प्रत्याशी के विजयी घोषित होते ही भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। लोगों ने गोले पटाखे आतिशबाजी करनी शुरू कर दी जीत के नारे लगाने लगे।
कहीं भारी न पड़ जाए यह बगावत
मुजेहना ब्लॉक प्रमुख चुनाव में पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी कुसमा देवी के खिलाफ बागवत कर दूसरा उम्मीदवार उतारने की चाल कहीं इसके जिम्मेदारों को भारी न पड़ जाए। पहले से ही अपने विवादित बयानों के लेकर चर्चा में रहे एक जनप्रतिनिधि की यह बगावत संगठन ने गंभीरता से लिया है। पार्टी जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप कहते हैं कि पार्टी सबसे बड़ी है। इसमें व्यक्तिगत कुछ भी नहीं है। संगठन के निर्देशों का सभी को पालन करना चाहिए।