गोंडा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने मंगलवार को कौड़िया बाजार में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों की पार्टी है। सरकार सिर्फ चंद उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि गरीबों, युवाओं, किसानों के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता झूठ और ढोंग करने वालों को नकार देगी। उन्होंने अपने पार्टी की रूपरेखा पर भी चर्चा की। सभा से पूर्व पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनाव पर चर्चा किया।
कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने लोगों से अपील किया कि देश और प्रदेश की तरक्की तभी संभव है जब आम आदमी खुशहाल हो। इसके लिए सिर्फ उनकी ही पार्टी काम कर सकती है।
उन्होंने कहा कि किसान हित में उन्होंने अपने कार्यकाल में कई अहम फैसले लिये थे, आने वाले दिनों में भी सबकी खुशहाली के लिए वह काम करेंगे। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर घर घर जाकर प्रसपा के नीतियों के बारे में बताने के लिए प्रेरित किया।
बुधवार को इटियाथोक में आयोजित जनसभा में कार्यकर्ताओं को अपने समर्थकों के साथ भारी संख्या में उपस्थित होने के लिए आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सुरेश शुक्ल ने पार्टी अध्यक्ष का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि जिले की जनता पार्टी के साथ है। कौड़िया बाजार में छात्र नेता अंकित शुक्ल ने प्रसपा अध्यक्ष का स्वागत किया। इस दौरान शिवम सोनी, कमलेश्वर पाठक, प्रतिमा पांडे, अभिजीत, समीर, अरमान, मनदीप शुक्ला, अनूप, श्रीनारायन, श्रीनाथ पाण्डेय, मुन्ना पाठक, आदर्श अवस्थी, आदर्श पाण्डेय, सुरेंद्र चौरसिया, शिवकुमार तिवारी आदि रहे ।