गोंडा। थाना क्षेत्र के लौव्वाबीरपुर गांव में छुट्टा मवेशी से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
कस्बे के मुट्ठीगंज मोहल्ला निवासी पवन कुमार मौर्य (22) शनिवार रात करीब 8:30 बजे बाइक से तरबगंज तहसील के पीछे अपनी ससुराल जा रहे थे।नवाबगंज-करनैलगंज मार्ग पर लौव्वाबीरपुर में उनकी बाइक छुट्टा मवेशी से टकरा गई। हादसे में पवन गंभीर रूप घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पवन को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है मगर थाने पर सूचना नहीं दी गई है। पवन तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। तीन वर्ष पहले उनकी शादी अंजनी देवी से हुई थी। उनके एक साल का बेटा अमित है। पवन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)