गोंडा। बलरामपुर के हंसुवाडोल में पीएम रैली में जिले से एक लाख से अधिक लोगों को पहुंचाने की जिम्मेदारी तय की गई है। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए 300 से अधिक बसों की व्यवस्था की गई है। हर गांव में तीन वाहनों की व्यवस्था की गई है जिससे विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी जाएंगे।
जिले में 1204 ग्राम पंचायतें हैं। इस लिहाज से जिले से करीब चार हजार वाहनों से लाभार्थियों को ले जाया जाएगा। रैली के संयोजक राकेश तिवारी ने बताया कि तैयारी पूरी हो गई है। सभी भाजपा विधायकों, सांसदों के साथ ब्लाक वार मंडल अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी जा चुकी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने बताया कि बाइक, छोटे चौपहिया वाहन व बड़े वाहनों को मिलाकर करीब 10 हजार वाहन जाएंगे। एक लाख से अधिक कार्यकर्ता व लाभार्थी रैली में प्रतिभाग करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बलरामपुर के हंसुवाडोल में होने वाले सरयू नहर परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर गोंडा पुलिस ने रूट डायवर्जन का प्लान तैयार किया है। 10 दिसंबर की रात 10 बजे से 11 दिसंबर की रात 10 बजे यातायात सामान्य होने तक सभी प्रकार के बड़े/मालवाहन बलरामपुर में प्रवेश नहीं करेंगे। इसके साथ ही जनपद के अन्य मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुुमार मिश्रा ने बताया कि जिन बड़े/ माल वाहनों को अयोध्या से बहराइच जाना है वे वाहन अयोध्या रोड नवाबगंज कटी तिराहा से रगड़गंज, परसपुर, करनैलगंज से जरवल रोड व कटरा बाजार से होकर जा सकेंगे।
इसी तरह बहराइच से अयोध्या, गोरखपुर व बढ़नी जाने वाले सभी वाहन कटरा बाजार, करनैलगंज परसपुर नवाबगंज से होकर गुजरेंगे। इसी तरह लखनऊ मार्ग से जिन मालवाहक वाहनों को बलरामपुर जाना है उन वाहनों को कार्यक्रम की समयावधि तक पोर्टरगंज में महिंद्रा शोरूम के सामने पार्किंग दी गई है।
नवाबगंज/वजीरगंज की ओर से बलरामपुर की ओर जाने वाले वाहनों को कार्यक्रम की समयावधि के लिए पराग डेरी के सामने पार्किंग दी गई है। गोंडा शहर से अगर कोई वाहन बलरामपुर की ओर जाता है तो उसे इटियाथोक बॉर्डर पर बलरामपुर चीनी मिल फार्म पर पार्किंग दी गई है। धानेपुर की तरफ से उतरौला रोड पूर्ण रूप से बंद रहेगा।