गोंडा। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले के श्रमिकों का भी आयुष्मान कार्ड बनाने की योजना बनाई जा रही है। जिसके तहत जिले के 39872 श्रमिकों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। आयुष्मान भारत के जिला सूचना प्रबंधक अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि श्रमिकों का आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के लिए श्रम विभाग ने पंजीकृत श्रमिकों की सूची भेजी है। विभागीय अनुमति मिलने के बाद श्रमिकों का आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगा।
आयुष्मान कार्ड बनाने लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित आयुष्मान पखवाड़े के पहले दिन बुधवार को 1281 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। आयुष्मान कार्ड को बनाने के लिए विशेष अभियान के तहत 10 मार्च से 24 मार्च तक आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
आयुष्मान पखवाड़े के पहले दिन 10 मार्च को जिले के 98 स्थानों पर कैंप लगाकर 1281 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया। आयुष्मान भारत के जिला सूचना प्रबंधक ने बताया कि आयुष्मान पखवाड़े में जिले के 567 स्थानों पर सीएससी के माध्यम से कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इस अभियान में करीब एक लाख 11 हजार लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने का लक्ष्य रखा गया है।