गोंडा। देवीपाटन मंडल की कृषि निर्यात निगरानी समिति की समीक्षा बैठक मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव सभागार में मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में हुई। मंडलायुक्त ने चारों जिलों में कृषि निर्यात वैन को जिलाधिकारियों से फ्लैग ऑफ कराकर प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कृषि निर्यात के निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरे किए जाएं। फूड प्रोसेसिंग को विद्यालयों में पाठ्यक्रम के माध्यम से बढ़ावा देकर लोगों को जागरूक किया जाए। जिन जिलों में निर्यात को लेकर समस्याएं हैं, उनका संयुक्त प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए। बैठक में गेहूं, चावल, मक्का, सब्जी, फल और प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने निर्यातकों को प्रमाणपत्र, मंडी, परिवहन और कोल्ड चेन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के निर्देश दिए। किसानों को निर्यात से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता शिविर आयोजित करने को भी कहा।
उन्होंने कृषि, उद्यान, मंडी परिषद, एपीडा और कस्टम विभाग को आपसी समन्वय से निर्यात प्रक्रिया सरल बनाने तथा निर्यात के आंकड़ों की मासिक निगरानी के निर्देश दिए। बैठक में गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती और बलरामपुर के संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।