गोंडा। एसटीएफ ने परसपुर थाने से वांछित चल रहे 50 हजार के इनामी पशु तस्कर मो. बिलाल को रविवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के ककरवाया से गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने बिलाल को परसपुर पुलिस के हवाले कर दिया।
एसटीएफ के एएसपी संजीव कुमार दीक्षित ने बताया कि इनाम घोषित और फरार अपराधियों के बारे में सूचना संकलित करने के साथ ही कार्रवाई के निर्देश मिले थे। इसी दौरान उपनिरीक्षक प्रताप नारायण सिंह की टीम को सूचना मिली कि गोंडा के परसपुर थाने में दर्ज पशु तस्करी से संबंधित मामले में आरोपी व 50 हजार का इनामी मो. बिलाल निवासी वार्ड नंबर 17 लालबाग कनेटा सड़क, थाना हसनपुर, अमरोहा काफी दिनों से मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में छिपकर रह रहा है। इसके बाद टीम ने शिवपुरी से आरोपी बिलाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा व पंजाब से पशुओं की तस्करी करके असम, पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों में भेजता है। 05 जनवरी 2024 को साथियों संग ट्रक पर पशुओं की लोडिंग करा रहा था। इसी बीच पुलिस के आने पर भाग निकला था। तभी से छिपकर मध्य प्रदेश में रह रहा था। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।