गोंडा। खेती एवं उससे जुड़े अन्य क्रियाकलापों को बढ़ावा देेेकर खेती की कम लागत में किसानों की आय में बढ़ोतरी किए जाने का ऑनलाइन प्रशिक्षण किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के निदेशकों को दिया गया।
मंगलवार को एनआईसी मीटिंग हाल में किसान उत्पादक संगठनों का ऑनलाइन राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कृषि निदेशक विवेक कुमार सिंह ने एफपीओ के निदेशकों को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि जिन एफपीओ से अधिक से अधिक किसान जुड़ेंगे, उन्हें समय पर कृषि यंत्र, बीज, खाद एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्हें उनके उत्पादों की मार्केटिंग की सुविधा मिल सकेगी, जिससे उनकी अच्छी आय होगी। उद्यान, पशुपालन, मत्स्य एवं अन्य कृषि कार्यों से जुड़े विभागीय अधिकारियों को जिलास्तर पर इसकी कार्ययोजना किसानों को लाभ दिलाना चाहिए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि किसान उत्पादक संगठनों को कृषि विभाग पूर्ण समर्थन तथा प्रोत्साहन देगा। कृषि निदेशक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि बिचौलियों को खत्म करके किसानों के उत्पादों के उचित मूल्य में खरीद कर उन्हें समृद्धि प्रदान की जाए। बीज, उर्वरक व कीटनाशक का लाइसेंस एफपीओ को दिया जाएगा। इस मौके पर उपनिदेशक कृषि डॉ मुकुल तिवारी, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, श्रीस्वामी नारायण एग्रो इंवेन्शन प्रोड्यूसर कंपनी के के निदेशक राघवेंद्र ओझा, श्याम अवस्थी, कृष्णकुमार आदि उपस्थित रहे। संवाद