गोंडा। कोल्हमपुर निवासी आरती की हत्या के बाद पति गुनीराम पत्नी के दुपट्टे से ही मुंह ढंककर घर से भागा था। इसके बाद किसी साधन से वजीरगंज पहुंचा। वहां एक दुकान पर वह समोसा खा रहा था। दुकान पर मौजूद एक युवक ने उसे पहचान लिया तो पुलिस को फोन पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वह भाग निकला। तफ्तीश के दौरान पुलिस के हाथ यह जानकारी लगी है।
आरती की हत्या के बाद घर में ही मोबाइल छोड़कर गुनीराम का जाना पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। हत्या के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो यह मानकर चल रही थी कि सीडीआर से उसकी लोकेशन निकाल लेगी। तलाशी के दौरान जब उसका मोबाइल फोन घर में मिला तो पुलिस की तफ्तीश का पहला ट्रैक ही फेल हो गया। पुलिस को पता चला कि उसने अपने नाम से एक सिम लेकर एक रिश्तेदार को दिया था। उम्मीद थी कि उस नंबर से सुराग मिल सकता है, लेकिन जब टीम मनकापुर पहुंची तो पता चला कि वह नंबर उसके चचेरे मामा का बेटा इस्तेमाल कर रहा है।
कोल्हमपुर के ही एक चाय दुकानदार ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद गुनीराम पत्नी के दुपट्टे से मुंह और हाथ ढंककर निकला और घर के दरवाजे में ताला लगाने के बाद चला गया था। संदेह तो हुआ, पर आरती की हत्या करके जा रहा है ये नहीं सोचा था। इसके बाद वह किसी साधन से वजीरगंज पहुंचा और दुकान पर समोसा खाने के बाद निकल गया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि गुनीराम के पांच परिचितों से पूछताछ की गई, लेकिन उन्हें जानकारी नहीं है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि टीमें दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सरयू तट पर मासूम बेटे ने मां को दी मुखाग्नि
टिकरी। आरती को रविवार शाम अयोध्या में सरयू तट पर मासूम बेटे कान्हा ने मुखाग्नि दी। मां की चिता देख कान्हा बिलखता रहा। मामा विनय गुप्ता मासूम को सीने से चिपकाए समझाते रहे। मगर उसके आंसू नहीं थम रहे थे। ये नजारा देख सभी की आंखें नम हो गईं।