गोंडा। बार एसोसिएशन और सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार सामूहिक अवकाश पर रहकर संयुक्त रूप से जुलूस निकाला। ज्ञापन देने के लिए कार्यालय पहुंचे तो वहां कोई अधिकारी उपस्थित न होने पर अधिवक्ता नाराज हो गए। इसके बाद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदर तहसील गेट पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सदर तहसील में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सुनवाई कर रहे थे। यहां गेट पर नारेबाजी कर रहे नाराज अधिवक्ताओं को मनाने एसडीएम सदर अशोक कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन लेने के लिए कोई अधिकारी मौजूद न होना गंभीर विषय है। भविष्य में ऐसा न हो, इसके लिए अनुरोध किया गया है। इस मौके पर सुनील कुमार पांडेय, विनय तिवारी, विंदेश्वरी प्रसाद दूबे, राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी, वीरेंद्र त्रिपाठी, राम करन मिश्र आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।