करनैलगंज आईटीआई में निर्माणाधीन टाटा टेक्नोलॉजी की कार्यशाला व प्रशिक्षण सेंटर। - संवाद
गोंडा। करनैलगंज और तरबगंज स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अब विद्यार्थियों को एडवांस टेक्नोलॉजी की शिक्षा मिलेगी। इन संस्थानों के परिसर में आधुनिक कार्यशालाओं की स्थापना की जा रही है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिल सकेगा।
आईटीआई के छात्रों के लिए यह परियोजना टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से शुरू की गई है, जिसके दूसरे चरण में इन आईटीआई में आधुनिक कार्यशालाओं और कक्षाओं का निर्माण कराया जा रहा है। मौजूदा औद्योगिक मांग के हिसाब से युवाओं को प्रशिक्षित किया जा सकेगा। यहां पर रोबोटिक्स और इलेट्रिक व्हीकल्स जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में युवाओं को दक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए करनैलगंज आईटीआई में 4.39 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कार्यशाला का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके लिए कार्यदायी संस्था, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ, लखनऊ को 3.82 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। करनैलगंज आईटीआई के प्रधानाचार्य प्रभुनाथ मिश्र के अनुसार, निर्माण कार्य 30 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और अप्रैल तक इसे पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। तीन मंजिला भवन में कार्यशाला के साथ-साथ कक्षा-कक्षों का भी निर्माण किया जाएगा, नए सत्र से उन्नत पाठ्यक्रम संचालित किए जा सकेंगे।
तरबगंज में भी जल्द शुरू होगा काम
तरबगंज आईटीआई में भी इसी तरह की आधुनिक कार्यशाला स्थापित की जाएगी। यहां मिट्टी परीक्षण सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। कुछ तकनीकी कारणों से इसमें थोड़ी देरी हुई है, लेकिन अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण शीघ्र ही आरंभ होगा।
युवाओं के लिए खुलेगा द्वार
आधुनिक कार्यशालाओं के निर्माण से न केवल प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर भटकना भी नहीं पड़ेगा। युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उम्मीद है कि अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा होने के बाद, नए सत्र से इन उन्नत पाठ्यक्रमों की शुरुआत हो सकेगी।