परसपुर/गोंडा। एसटीएफ ने परसपुर थाने से वांछित 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर रितिक उर्फ बिल्लू को हरियाणा के यमुनानगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ परसपुर थाने में चोरी व गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ लखनऊ के एएसपी संजीव कुमार सिंह ने बताया कि इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम को सूचना संकलन में लगाया गया था। इसी दौरान जानकारी मिली कि परसपुर के काली सिंह पुरवा का रहने वाला आरोपी रितिक उर्फ बिल्लू हरियाणा में छिपकर रह रहा है। निरीक्षक ओमशंकर शुक्ल की टीम ने शुक्रवार दोपहर यमुनानगर के जगाधरी थाना क्षेत्र स्थित 124 पीके ब्रदर्स, राजावाला बाग, देवी भवन मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी मलखान सिंह, जाकिर, रिजवान, सनी, योगेश और अंकित के साथ मिलकर परसपुर के लक्षनपुरवा डेहरास स्थित कंपोजिट बियर की दुकान में सेंध लगाकर चोरी की थी। इसके कुछ दिनों बाद धरमनगर स्थित बियर की दुकान में भी चोरी की थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि सनी, मलखान सिंह और रिजवान के साथ मोहना स्थित शराब की दुकान में चोरी करने जाते समय वह पूर्व में गिरफ्तार हुआ था।
एएसपी ने बताया कि रितिक के खिलाफ थाना परसपुर में चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी और 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए परसपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।