फोटो-11-गोंडा के सदर तहसील में जनसमस्याओं की सुनवाई करते डीएम-एसपी व विधायक। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिले की चारों तहसीलों में हुआ। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सदर में जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार की अध्यक्षता में हुआ। यहां पर उन्होंने विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा के साथ जन शिकायतें सुनीं तथा निस्तारण किया।
विधायक सदर ने जन सुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को जांच अधिकारी निष्पक्षता के साथ निपटाएं। शिकायतों का सही व संतोषजनक निस्तारण हो सके। उन्होंने कई फरियादियों को सरकार की उपयोगी योजनाओं की जानकारी भी दी। डीएम ने लंबित शिकायतों की समीक्षा की तथा लंबित प्रकरणों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्ड धारकों को पूरा राशन देने के निर्देश डीएसओ को दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर दोनों पक्षों की बातें सुनकर शिकायत का निस्तारण करें। एक ही शिकायत बार-बार न आए। समाधान दिवस में 168 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिसमें से 16 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही पट्टा पाने वाले लाभार्थियों को पट्टा प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इसके बाद तहसील परिसर में पौधा लगाया गया और उद्घाटन भी किया गया।
इस दौरान एसडीएम विनोद सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरएस केसरी, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, तहसीलदार राजीव मोहन सक्सेना, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रवींद्र सिंह राठौर, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव उपस्थित रहे।