फोटो-3-गोंडा-अयोध्या मार्ग पर डुमरियाडीह के पास सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त साइकिल व बाइक। -संवाद
- फोटो : GONDA
वजीरगंज (गोंडा)। गोंडा-अयोध्या हाईवे पर स्थित महाराजा देवी बक्श सिंह महाविद्यालय बनघुसरा डुमरियाडीह के निकट शुक्रवार की सुबह लगभग सात बजे बेकाबू डीसीएम ने बाइक और साइकिल सवार रौंद दिया। इस दुर्घटना में मौके पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा को पिता परीक्षा दिलाने जा रहे थे।
गोंडा सब्जी मंडी से सब्जी लादकर डीसीएम वजीरगंज की ओर आ रही थी। गोंडा-अयोध्या हाईवे पर डुमरियाडीह के निकट बनघुसरा स्थित महाराजा देवी बक्श सिंह महाविद्यालय के सामने रुपईडीह हारीपुर थाना कोतवाली देहात निवासी चेते यादव (25) अपने घर से साइकिल से डुमरियाडीह की ओर आ रहा था। अनियंत्रित डीसीएम चालक ने साइकिल सवार को पीछे से रौंदते हुए सामने से आ रहे बाइक सवार को ठोकर मार दी।
हादसे में बेटी का एमएससी की परीक्षा दिलाने गोंडा जा रहे बब्बन मौर्य (43) निवासी मुड़िला भगोहर थाना वजीरगंज की मौके पर मौत हो गई। जबकि पीछे बैठी पुत्री साधना (22) को गंभीर चोटें आईं। डुमरियाडीह चौकी इंचार्ज गोपाल सिंह ने कहा कि घटना के बाद डीसीएम, बाइक व साइकिल को कब्जे में ले लिया गया है। डीसीएम का चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि किसी पक्ष से तहरीर नहीं पड़ी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वाहन की ठोकर बाइक सवार की मौत
धानेपुर (गोंडा)। शुक्रवार की दोपहर थाना क्षेत्र के गूंगीदेई निवासी ड्राइवर सिंह (50) किसी कार्य से मोटर साइकिल से जिला मुख्यालय गए थे। वहां से लौटने के दौरान धानेपुर थाना क्षेत्र के लखनीपुर के पास पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। जिससे वह पेड़ से टकरा गए। सिर में अधिक चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि परिजनों को सूचित किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।(संवाद)