करनैलगंज (गोंडा)। करनैलगंज-हुजूरपुर रोड पर निंदूरा जोगिनपुरवा गांव में एक सप्ताह में दूसरी बार हुई दुर्घटना में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने हंगामा कर वाहन चालक की पिटाई कर कमरे में बंद कर दिया। शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने वाहन फूंकने का प्रयास किया। जिस पर पुलिस व ग्रामीणों के बीच तीखी झड़प हुई।
बताया जाता है कि रहमती बेगम अपने निंदूरा गांव निवासी दामाद अहमद रजा के यहां रह रही थी। रविवार की सुबह करीब 8.30 बजे किसी काम से सड़क पार कर रही थी। तभी हुजूरपुर की तरफ आ रही एक चार पहिया वाहन की चपेट में आ गई। रहमती बेगम की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। एक सप्ताह में दो घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बांस बल्ली बांधकर दोनों तरफ से रास्ता जाम कर हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क बनाने वाली कार्यदाई संस्था ने गांव के पास ब्रेकर नहीं बनाया। गांव के पास भी तेज गति से वाहन निकलते रहते हैं। रविवार को इसी स्थान पर सलामुद्दीन की पत्नी जफरुलनिशा की क्रेन के नीचे कुचलकर मौत हो गई थी। महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ता बंद कर करीब दो घंटे तक हंगामा काटा। सड़क जाम करने के बाद पहुंची पुलिस व गांव वालों के बीच तीखी नोकझोंक के साथ झड़प तक हो गई। थानाध्यक्ष के पहुंचने पर सामंजस्य बैठा व आवागमन बहाल हुआ। दुर्घटना के बाद पहुंची पुलिस ग्राम प्रधान व परिजनों से बात कर पंचनामा की कार्रवाई कर रही थी।
वहीं, दूसरी ओर गांव के कुछ युवक वाहन को फूंकने की साजिश रच रहे थे। आसपास के थानों से पुलिस फोर्स पहुंचने से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। पुलिस वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना स्थल पर ब्रेकर बनाने के लिए उपजिलाधिकारी के माध्यम से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से वार्ता भी हुई है। जल्द ही ब्रेकर बनाया जाएगा।
साइकिल सवार को डंपर ने रौंदा, मौत
मनकापुर (गोंडा)। थाना नवाबगंज क्षेत्र के किशुनदासपुर माजरा शुक्ल पुरवा निवासी राजेश कुमार वर्मा अपनी बेटी मुन्नी को साइकिल पर बैठा कर शादी के बाद उसको ननिहाल मछली गांव में भात खिलाने की रस्म निभाने के लिए जा रहा था। मनकापुर-नवाबगंज मार्ग पर मूसेगंज बाजार के पास बेटी को प्यास लग गई तो वह सड़क के कुछ दूर पर लगे हैंडपंप से पानी पीने चली गई।
पिता सड़क के किनारे बेटी के इंतजार में बैठ गया। इसी बीच नवाबगंज की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने राजेश कुमार वर्मा (50) को रौंदते हुए करीब 10 मीटर दूर तक घसीट ले गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं चालक डंपर छोड़ कर फरार हो गया। घटना को देखकर बेटी अवाक रह गई और पिता के शव के पास बैठ कर दहाड़े मार-मार कर रोने लगी। कोतवाल मनोज कुमार राय ने बताया कि डंपर को कोतवाली लाया गया है। संवाद