गोंडा। अयोध्या-गोंडा मार्ग पर बनघुसरा के पास गुरुवार की रात नवाबगंज से आ रही बरातियों से भरी कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। हादसे में दो महिलाओं समेत पांच घायल हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई।
चौकी प्रभारी डुमरियाडीह गोपाल सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले अशोक कुमार पत्नी महेलता व परिवार के अन्य लोगों के साथ शादी समारोह में नवाबगंज आए थे। यहां से सभी गुरुवार रात जिला मुख्यालय के सद्भावना पुलिस चौकी के समीप एक मैरेज हाल में बरात में शामिल होने के लिए कार से निकले थे। रास्ते में अयोध्या-गोंडा मार्ग पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के बनघुसरा गांव के पास कार की ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई।
हादसे में हेमलता समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार घायलों को सीएचसी वजीरगंज पहुंचाया गया जिनमें दो बच्चों के साथ ही एक महिला व एक पुरुष शामिल रहे जबकि हेमलता को नाजुक हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। (संवाद)