भारत भ्रमण पर निकले देवरिया जिले के अभिषेक यादव का बभनान में स्वागत करते स्थानीय लोग। संवाद
बभनान (गोंडा)। शहीद परिवारों के लिए कुछ करने की प्रेरणा लेकर देवरिया निवासी अभिषेक यादव (26) ने साइकिल से भारत भ्रमण करने का बीड़ा उठाया है। देवरिया से निकले अभिषेक शुक्रवार को 85 किमी की दूरी तयकर बभनान पहुंचे तो उनके स्वागत में लोगों का जमावड़ा लग गया। अभिषेक ने बताया कि उनका 900 दिनों में देश में 47000 किलोमीटर की यात्रा करने का लक्ष्य है।
देवरिया जिले के बरियारपुर थानाक्षेत्र के बरुआडीह गांव निवासी अभिषेक ने बताया कि वर्ष 2019 में दिल्ली के कनॉट प्लेस पर सेना के एक अफसर से उनकी मुलाकात हुई थी, जिन्होंने शहीद सैनिक परिवारों की दुर्दशा की जानकारी दी। इसके बाद वह हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धर्मपुर गांव जाकर शहीदों के आश्रितों से भी मिले, जिसके बाद शहीदों के बच्चों की शिक्षा, बेटियों की शादी, उनके लिए आवास व उनके आश्रितों की सुरक्षा के उद्देश्य से साइकिल यात्रा निकालने का निर्णय किया। अभिषेक बताते हैं कि देश के सभी प्रांतों का भ्रमण कर पुन: देवरिया में आकर यात्रा का समापन करेंगे।