परसपुर में होली खेलतीं महिलाएं और लोहंगपुर में होली खेलतीं बालिकाएं व युवतियां। - संवाद
गोंडा। होली का पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक रंगों की बौछार के बीच लोगों ने जमकर मस्ती की। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई होली के रंग में रंगा नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
सोमवार रात होलिका दहन किया गया। इसके बाद बुधवार सुबह होते ही होली की खुमारी लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगी। बच्चे हाथों में पिचकारी और रंगों की थैलियां लेकर घर से निकल पड़े। वे एक-दूसरे पर रंगों की फुहार डालते हुए पूरे मोहल्ले में घूमते रहे। युवाओं की टोलियां भी पीछे नहीं रहीं। डीजे की तेज धुनों पर फगुआ गीत बजते रहे और युवा रंग-गुलाल उड़ाते हुए नाचते-गाते नजर आए। दोपहर तक कई मोहल्लों और गलियों में होली का उत्साह चरम पर रहा।
महिलाओं और युवतियों ने भी होली के उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह बनाकर होली के गीत गाए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। घरों में गुझिया, दही बड़े और अन्य पकवान बनाए गए, जिनकी मिठास ने त्योहार के आनंद को और बढ़ा दिया। दोपहर बाद रंग खेलने का दौर थम गया और शाम होते-होते लोग स्नान कर नए कपड़े पहनकर एक-दूसरे के घर पहुंचने लगे। इस दौरान लोगों ने गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयों के साथ त्योहार की खुशियां बांटीं। शहर के ठठेरी बाजार, चौक बाजार, पटेलनगर, आवास विकास कॉलोनी, बड़गांव, सिविल लाइंस, पंतनगर, जानकीनगर, पोर्टरगंज समेत कई इलाकों में पूरे दिन होली की धूम रही।
सतर्क दिखी पुलिस
होली को लेकर पुलिस सतर्क रही। एसपी विनीत जायसवाल स्वयं पुलिस टीम के साथ शहर का भ्रमण करके जायजा लेते रहे। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की गई।
परसपुर में होली खेलतीं महिलाएं और लोहंगपुर में होली खेलतीं बालिकाएं व युवतियां। - संवाद