माधोपुर। कटरा बाजार के जयरामजोत बरूहा गांव निवासी युवक का शव बृहस्पतिवार को बहराइच में कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान जयरामजोत बरूहा निवासी ऋषभ सिंह (28) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पहली मार्च को वह अपने साथियों के साथ लकड़ी काटने के काम से बहराइच के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बांसगांव भगड़वा गांव गया था, लेकिन उसके बाद से घर नहीं लौटा। मृतक की मां निरमा सिंह ने तीन दिन पहले ही कटरा बाजार थाने में तहरीर देकर बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताई थी। उन्होंने बताया था कि उनका बेटा अपने साथी आफत, विनय सिंह और रवि सिंह के साथ बहराइच के बांसगांव भगड़वा हुजूरपुर निवासी प्रमोद सिंह के यहां लकड़ी काटने गया था, लेकिन इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है।
बृहस्पतिवार को जानकारी मिली कि भगड़वा बाजार के पास एक टाल के नजदीक कुएं में युवक का शव पड़ा है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पता चला कि शव ऋषभ सिंह का है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया जाता है कि ऋषभ के पिता अर्जुन सिंह की दो वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई संचित और छोटा भाई छोटू हरिद्वार में मजदूरी करते हैं।
हुजूरपुर थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, कटरा बाजार इंस्पेक्टर विवेक त्रिवेदी ने बताया कि युवक का शव बहराइच में मिलने की सूचना मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जाएगा।