बालपुर/झंझरी/गोंडा। जिले में सर्पदंश से एक बालक व बुजुर्ग की मौत हो गई। बालपुर के सोनहरा सरपंच पुरवा निवासी राजू शुक्ल का 10 वर्षीय पुत्र मानस सोमवार रात मां बबली के साथ कमरे में सो रहा था। सोमवार देर रात सांप ने उसे डस लिया।
कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन परसपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मां बबली और बहन मानवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम पंचायत के प्रशासक प्रमोद पांडेय ने बताया कि मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
उधर, इटियाथोक के परसिया बहोरीपुर गांव निवासी 70 वर्षीय रामचरन को सोमवार रात सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बरसात के मौसम में सांप अधिक संख्या में बाहर निकलते हैं। ऐसे में खेतों में काम करते समय, रात में बाहर निकलते समय और घरों के आसपास विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। झाड़फूंक के बजाय पीड़ित को तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाएं।