गोंडा (ब्यूरो)। चोरों ने बुधवार देर रात बसवरिया गौशेन्द्रपुर गांव के एक घर का दरवाजा तोड़कर दो हजार रुपये और 25 हजार रुपये के जेवर पार कर दिए। मामले में अज्ञात के खिलाफ थाना इटियाथोक में तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
थाना इटियाथोक क्षेत्र के बसवरिया गौशेन्द्रपुर गांव की चंद्रावती पत्नी हनुमान ने बताया कि बुधवार देर रात चोरों ने उसके घर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुस आए। चोर एक संदूक उठा ले गए। संदूक में दो हजार रुपये और जेवर थे। चंद्रावती के मुताबिक गुरुवार सुबह घर से कुछ दूर खेत में खाली संदूक पड़ा मिला। चंद्रावती के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत 25 हजार रुपये है। चंद्रावती ने थाना इटियाथोक में तहरीर दी है। थाना इटियाथोक के प्रभारी निरीक्षक रामशंकर तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।