कटराबाजार (गोंडा)। कटराबाजार विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत नरैनापुर गांव में एचटी लाइन के पोल का केबल जोड़ते समय एक बिजलीकर्मी को करंट लग गया, इसे वह खंभे से नीचे गिर गया। गांव के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, बिजली विभाग के अवर अभियंता से लेकर एसडीओ और एक्सईएन यह मानने को तैयार नहीं हैं कि कर्मचारी की मौत करंट लगने से हुई है। विभाग के अधिकारियों ने मृतक को संविदाकर्मी मानने से भी इनकार कर दिया है, जबकि उससे कई विभागीय कार्य कराए जाते थे।
सुरेश कुमार तिवारी नाम का यह युवक वीरपुर कटरा ग्रामसभा अंतर्गत मड़हा गांव का रहने वाला था, जो शनिवार शाम नरैनापुर गांव के निकट बिजली के हाईटेंशन लाइन के पोल पर चढ़कर केबल जोड़ रहा था। इस दौरान उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह पोल से नीचे गिर पड़ा। गांव के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल के डॉ. समीर गुप्त का कहना है कि सुरेश की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है। वहीं, बिजली विभाग के अवर अभियंता से लेकर एसडीओ और अधिशासी अभियंता यह मानने को तैयार नहीं हैं कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। कटराबाजार उपकेंद्र के अवर अभियंता राकेश उपाध्याय व करनैलगंज के एसडीओ जमील अहमद किदवई का कहना है कि युवक की मौत खंभे से नीचे गिरने के चलते हुई है, क्योंकि हादसा शाम 5 बजे के बाद का है, उस वक्त कटराबाजार की सप्लाई बंद थी।
अभियंताओं ने यह भी दलील दी कि मृतक उनके यहां न संविदा कर्मचारी था और न ही उसका नाम कर्मचारियों की अगली सूची के लिए प्रस्तावित किया गया था। हालांकि सुरेश कुमार तिवारी से विभागीय कार्य कराया जाता था।