गोंडा। बदहाल सफाई व्यवस्था से आजिज राधाकुंड मोहल्ले के लोगों ने शनिवार को पालिका दफ्तर का घेराव किया। लोगों ने पालिकाध्यक्ष से शिकायत करते हुए समस्या के निस्तारण की मांग की। इस पर पालिकाध्यक्ष ने सफाई नायक रामचन्दर से स्पष्टीकरण तलब किया है।
नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था से नाराज राधाकुंड मोहल्ले के लोगों ने शनिवार को पालिका का दफ्तर घेरा। लोगों का कहना था कि उनके मोहल्ले में सफाई कर्मचारी कभी नहीं आता, इस कारण उन्हें बजबजाती हुईं नालियों को खुद ही साफ करना पड़ता है। लोगों ने नपाप के चेयरमैन रूपेश कुमार से शिकायत कर समस्या के निस्तारण की मांग की। इस पर पालिकाध्यक्ष ने वार्ड संख्या 22 राधाकुंड मोहल्ले के सफाई नायक रामचन्दर से स्पष्टीकरण मांगा है। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि मोहल्लावासियों की जो भी समस्या है, उसका निस्तारण करवाया जा रहा है।