मस्जिदों में अकीदत से अदा हुई अलविदा की नमाज
नमाज के बाद मुुल्क में अमन-चैन की मांगी दुआ
अमर उजाला ब्यूरो
गोंडा। जिले भर में शुक्रवार को अलग-अलग मस्जिदों में अलविदा की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। मस्जिदों में बड़ी तादाद में नमाजियों ने शिरकत की। मुकद्दस रमजान के आखिरी शुक्रवार (जुमा) को अलविदा की विशेष नमाज अदा करने के बाद नमाजियों ने मुल्क की तरक्की व अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी।
शुक्रवार को सभी मस्जिदों में अलविदा की नमाज के लिए विशेष इंतजाम किये गये थे। शुक्रवार को सभी खासकर मुस्लिम मोहल्लों में ईद जैसा माहौल रहा। लोग दोपहर में खास लिबास में नमाज के लिए मस्जिदों में पहुंचे। मुख्य रूप से नगर के औलिया मस्जिद में कारी मो. सफी ने नमाज अदा करायी। इसी तरह से निदाए या रसूलल्लाह मस्जिद फैजाबाद रोड पर मौ. मुजक्किर हुसैन ने नमाज अदा कराई। जबकि जामा मस्जिद मीनाईया में मुफ्ती अमानुर्रब ने नमाज पढ़ाई। इसके अलावा सकुर्लर रोड गौसिया मस्जिद, साहबगंज स्टेशन रोड रहमानिया मस्जिद, तकिया मस्जिद, चौक की बड़ी मस्जिद, पटेल नगर डिप्टी साहब मस्जिद, चौक की मनिहारान मस्जिद, इमाम बाड़ा की छावनी मस्जिद, रगड़गंज रोड नूरी मस्जिद, क चेहरी में बैरिस्टर रजीउद्दीन मस्जिद समेत सभी मस्जिदों में बड़ी तादात में नमाजियों ने नमाज अदा की। अलविदा की नमाज अदा करने बच्चे भी मस्जिदों में पहुंचे। मस्जिदों में इमाम ने मुकद्दस रमजान की बरकतों का बयान किया। लोगों को दीन व अलविदा नमाज की फजीलतें बतायी। नमाज के बाद शिद्दत से लोगों ने तरक्की भाईचारे के लिए दुआ मांगी। वहीं अलविदा की नमाज को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। कई संवेदनशील इलाके में भारी पुलिस फोर्स के इंतजाम कर चौकसी की गई।