लगातार बारिश के कारण शनिवार को चौक बाजार में बंद दुकानें। - संवाद
गोंडा। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने शहर के कारोबार की रफ्तार थाम दी है। व्यापारियों के मुताबिक, बारिश के चलते जिले में करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। शनिवार को चौक बाजार की करीब 80 फीसदी दुकानें बंद रहीं। आम दिनों में ग्राहकों से गुलजार रहने वाले बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। सड़क किनारे लगने वाले सब्जी, फल, फास्टफूड समेत रोजमर्रा के सामान के अधिकांश ठेले भी नहीं लगे।
चौक बाजार में शनिवार को बारिश का असर साफ दिखाई दिया। अधिकांश दुकानों के शटर गिरे रहे और सड़कों पर आवाजाही भी काफी कम रही। जो दुकानें खुलीं, वहां भी ग्राहक नदारद रहे। लगातार बारिश के कारण लोग जरूरी काम से ही घरों से निकले। इसका सीधा असर खरीदारी और कारोबार पर पड़ा।
सबसे ज्यादा परेशानी रेहड़ी-पटरी वालों को हुई। महिला अस्पताल के पास ठेला लगाने वाले सिराज ने बताया कि दो दिन से काम ठप है। शनिवार को बारिश के बावजूद ठेला लेकर पहुंचे, लेकिन तेज हवा चलने के कारण ठेला लगाना मुश्किल हो गया। छाता लगाते हैं तो हवा उसे भी उड़ा दे रही है। ऐसे में दिनभर कमाई के बिना बैठना पड़ रहा है।
ठेला लगाने वाले रोहन ने बताया कि दो दिन से खाली बैठे हैं। बारिश के कारण ग्राहक नहीं आ रहे हैं। गोलू ने कहा कि रोज की कमाई रुक गई है। अब बारिश थमने का इंतजार है, तभी काम शुरू हो सकेगा।
उद्योग व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन के नगर अध्यक्ष आदित्य पाल ने बताया कि बारिश का कारोबार पर सीधा असर पड़ा है। जिले में तीन दिन में करीब 300 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। जलभराव के कारण लोगों का बाजार पहुंचना मुश्किल हो रहा है। लगातार बारिश के चलते खरीदार घरों से नहीं निकल रहे हैं, जिससे दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण शनिवार को चौक बाजार में बंद दुकानें। - संवाद