माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के पहले दिन दूसरी पाली की इंटरमीडिएट की परीक्षा में 5669 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी जब कि दूसरे दिन शुक्रवार को इंटरमीडिएट की ही गृहविज्ञान की परीक्षा में भी 878 परीक्षार्थी एग्जाम देने नही आए।
वही सचल दल ने इंटरमीडिएट की हिंदी की परीक्षा में दो छात्राओं को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा। बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए चलाए जा रहे जिलाधिकारी के अभियान का खौफ परीक्षार्थियों के सिर चढ़कर बोल रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर डीएम की छापेमारी को देखते हुए नकल के भरोसे परीक्षा की वैतरणी को पार करने का सपना संजोने वाले परीक्षार्थी खुद ही परीक्षा से बाहर हो रहे हैं। परीक्षा के पहले दिन गुरुवार को पहली पाली में 9288 परीक्षार्थियों के परीक्षा छोड़ने के बाद दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा में भी खौफ के कारण 5669 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड दी।
वही परीक्षा की दूसरी पाली में ही सचल दल ने इटियाथोक के जयप्रभाग्राम स्थित चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कालेज में दो छात्राओं को परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा। परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को भी परीक्षार्थियों पर जिला प्रशासन का खौफ छाया रहा और इंटरमीडियट की गृहविज्ञान की परीक्षा में 878 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरे दिन भी परीक्षा के समय अफसरों के वाहन परीक्षा केंद्रो पर दौड़ते रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक राम खेलावन वर्मा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या नूतन खन्ना समेत सचल दल की छह टीमें क्षेत्रों में भ्रमण करती रहीं। वहीं जोनल मजिस्ट्रेट बनाए गए जिले के आला अधिकारियों ने भी परीक्षा केंद्रो पर जाकर परीक्षा का मुआयना किया। जिला विद्यालय निरीक्षक राम खेलावन वर्मा ने पहले दिन व दूसरे दिन की इंटरमीडियट की परीक्षा में कुल 6547 परीक्षार्थियों के परीक्षा छोड़ने की पुष्टि की है।