राजकीय आईटीआई में आयोजित रोजगार मेले में मौजूद लोग व साक्षात्कार लेते अधिकारी। - संवाद
गोंडा। आईटीआई गोंडा और करनैलगंज में आयोजित रोजगार मेलों में साक्षात्कार के बाद 52 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। गोंडा में चयनित 32 अभ्यर्थियों को अहमदाबाद में नौकरी का अवसर मिला है। उन्हें 18 हजार रुपये मासिक वेतन देने का प्रस्ताव दिया गया है।
आईटीआई गोंडा के प्रभारी प्रधानाचार्य राकेश कुमार शुक्ल ने बताया कि रोजगार मेले में 80 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 60 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें 32 का चयन हुआ। कंपनी प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों से तकनीकी जानकारी, अनुभव और पारिवारिक पृष्ठभूमि से जुड़े सवाल पूछे।
करनैलगंज में आयोजित रोजगार मेले में 56 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। नोएडा की संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार के बाद 20 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया। मेले में आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों के साथ हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष तक के युवाओं को भी अवसर दिया गया।
इस दौरान देवीपाटन मंडल के संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण एवं प्रशिक्षु आरके मिश्र ने गोंडा आईटीआई का निरीक्षण कर चयन प्रक्रिया की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर हरिशंकर साहू, नईम सिद्दीकी, शिव, रोहित गुप्ता, कृष्णकुमार यादव, विजय, विवेक मिश्र आदि मौजूद रहे।
राजकीय आईटीआई में आयोजित रोजगार मेले में मौजूद लोग व साक्षात्कार लेते अधिकारी। - संवाद