जमीन विवाद में दो महिलाओं ने खुद पर डाला केरोसिन
करनैलगंज (गोंडा)। भूमि विवाद के मामले में दो महिलाओं ने खुद पर केरोसिन छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। आग लगाने के लिए एक दुकान में भी केरोसिन छिड़क दिया। लेकिन तब तक पुलिस पहुंच गई। महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर मुकदमा लिखकर जेल भेजने की कार्रवाई शुुरू कर दी है।
नगर के सकरौरा चौराहे के निकट अकरम व असलम का पड़ोस के सीमेंट व्यापारी मोहम्मद अहमद व नूर अहमद के बीच जमीन विवाद चल रहा है। नगर चौकी प्रभारी बृजानन्द सिंह ने बताया कि गुुरुवार को तहसील दिवस व समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र मिला था, जिस पर भूमि पैमाइस का आदेश हुआ था। पैमाइस के लिए राजस्व व पुलिस की टीम को वह साथ में लेकर पहुंचने ही वाले थे कि उससे पहले ही एक पक्ष की महिलाओं ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। अफसाना पत्नी अकरम व हिना पत्नी नईम ने अपने ऊपर केरोसिन छिड़क लिया। दुकान में आग लगाने के लिए भी तेल छिड़का। लेकिन तब तक पुलिस पहुंच गई। जिससे महिलाओं की मंशा धरी रह गई। पुलिस ने किसी तरह से दोनों महिलाओं को काबू में किया। महिला पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई।
चौकी प्रभारी ने बताया की एक तरफ के सभी पुरुष वर्ग के लोग भाग खडे़ हुए थे। महिलाओं ने ईंट-पत्थर भी चलाया। जिस पर दूसरे पक्ष की तहरीर पर महिलाओं व अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।