नए वित्तीय सत्र से मनरेगा मजदूरों को उनकी पारिश्रमिक का तभी भुगतान होगा जब उनके पास आधार कार्ड होगा और उन्हें उनके खाते से लिंक करा दिया जाएगा। लेकिन यहां सत्यापन में खुलासा हुआ है कि जिले के करीब ढाई लाख मनरेगा मजदूरों में 45 हजार मनरेगा मजदूरों के आधार कार्ड ही नहीं बने हैं। इस मामले में जिले के अफसरों की शिथिलता सामने आई है।
भुगतान को लेकर की गई शासन स्तर की समीक्षा में इसका खुलासा होने पर डीएम ने सभी विकास खंडों के बीडीओ को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
भारत सरकार ने एक अप्रैल 2017 से मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी करने वाले श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान करने के लिए जॉब कार्ड के साथ आधार कार्ड को लिंक कराये जाने का निर्देश दिया है।
इसके तहत ग्राम्य विकास आयुक्त ने सभी जिलों के अफसरों को मनरेगा मजदूरों का शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनवाये जाने के लिए निर्देशित किया था। इस काम को दिसंबर माह तक हरहाल में पूरा कर लिया जाना था। लेकिन जिम्मेदार अफसरों ने आयुक्त के इस आदेश को दरकिनार कर दिया। 7 जनवरी को भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने शासन के साथ मिलकर जब मजदूरों के आधार कार्ड की प्रगति की समीक्षा की तो पता चला कि जिले में कुल ढाई लाख मनरेगा मजूदर हैं।
इसमें 1.64 लाख एक्टिव जॉबकार्ड धारकों में से 1.19 लाख मजदूरों का आधार कार्ड ही बनाया जा सका है, जबकि 45 हजार मनरेगा श्रमिकों के अब भी आधार कार्ड नहीं हेैं। इसको लेकर ग्राम्य विकास आयुक्त ने नाराजगी जताई थी। इस नाराजगी के बाद हरकत में आए जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने इसकी पड़ताल कराई तो इस मामले में बीडीओ की शिथिलता सामने आई। इस पर डीएम ने जिले के सभी विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
इनसेट
ब्लाक एक्टिव जॉब कार्ड आधार युक्त जॉब कार्ड आधार रहित जॉब कार्ड
नवाबगंज 12026 6406 5620
पंडरीकृपाल 11459 6576 4887
झंझरी 9298 6155 3143
करनैलगंज 10688 7093 3595
तरबगंज 6286 4381 1905
कटरा बाजार 19978 14071 5907
वजीरगंज 8282 5836 2446
छपिया 10156 7213 2943
बभनजोत 5663 4108 1555
बेलसर 7919 6081 1838
रुपईडीह 15639 12077 3562
मुजेहना 7479 5848 1631
परसपुर 7236 5914 1322
इटियाथोक 8895 7455 1440
मनकापुर 10703 9139 1564
हलधरमऊ 12796 11165 1631
योग- 164503 119518 44985