गोंडा। देवीपाटन मंडल में 40 मार्गों की विशेष मरम्मत के लिए 18.35 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों में तेजी आएगी। यह धनराशि राष्ट्रीय सड़क निधि के तहत स्वीकृत मार्गों के निर्माण पर खर्च होगी।
गोंडा जिले के निर्माण खंड-दो व प्रांतीय खंड की छह सड़कों के लिए बजट आवंटित किया गया है। इसमें मलौनाडीहा से बरबटपुर बाजार, पीडी बंधा से लालापुरवा, कोनहटाडीहा संपर्क मार्ग, इटियाथोक-बाबागंज से लौहशीशा आदि संपर्क मार्ग शामिल हैं। इन मार्गों की विशेष मरम्मत के लिए स्वीकृति मिली थी। कार्यदायी संस्था नामित की जा चुकी है। बजट के अभाव में काम रुका हुआ था। शासन स्तर से एक और किस्त जारी होने से अब कार्यों में गति आएगी। बलरामपुर जिले की सबसे अधिक 22 सड़कों की मरम्मत के लिए धनराशि आवंटित हुई है। बहराइच में 9 सड़कों के लिए स्वीकृति मिली है। इनमें कुंडासर महसी-नानपारा मार्ग और बहराइच-सीतापुर राज्यमार्ग के सामान्य मरम्मत जैसे काम शामिल हैं। श्रावस्ती जनपद में 3 सड़कों के लिए बजट का आवंटन हुआ है। इनमें जमुनहा में बीके सड़क और हरिहरपुर गुरदत्तपुर संपर्क मार्ग का मरम्मत कार्य है। अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि बजट आवंटित होने से कार्यों में तेजी आएगी। सभी कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।