संवाद न्यूज एजेंसी विश्नोहरपुर। दुल्लापुर-थटिया गांव के समीप अयोध्या-मनकापुर रेल ट्रैक किनारे रविवार की देर शाम एक महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा पाया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने छानबीन के बाद शव कब्जे में लिया है। आशंका जताई जा रही है कि शाम करीब सवा छह बजे उधर से अप मालगाड़ी गुजरी थी। जिसकी चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। एसएसआई विश्वास चतुर्वेदी ने बताया कि शव के पास ही एक बैग पड़ा पाया गया है। 1200 रुपये नकदी व परिवहन निगम की बस के दो टिकट मिले हैं। एक टिकट बीते छह मई का बहराइच से गोंडा का है। वहीं, दूसरा टिकट रविवार का दर्जीकुआं से अयोध्या का पाया गया है। जिसे 11 बजकर 35 मिनट पर निकाला गया है। महिला के दाहिने हाथ पर फूल का गोदना है। उसने लाल साड़ी पहन रखी है। बताया कि महिला के बहराइच व अयोध्या के होने की संभावना पर छानबीन की जा रही है।